गुरुग्राम : इंडियन एक्सप्रेस के राष्ट्रीय ब्यूरो के प्रमुख और वरिष्ठ पत्रकार रवीश तिवारी का आज निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थे और पिछले दो सालों से इस बीमारी से लड़ रहे थे। उनके परिजनों ने यह जानकारी दी। वह 40 वर्ष के थे।परिजनों ने बताया कि कल शाम उनकी तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आज रवीश तिवारी की इलाज़ के दौरान मृत्यु हो गई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा मीडिया जगत के कई लोगों ने रवीश तिवारी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
बता दें कि रवीश एक आर्थिक दैनिक समाचार पत्र और एक पत्रिका में काम करने के बाद पिछले 12 सालों से दैनिक समाचार पत्र इंडियन एक्सप्रेस से जुड़े थे. प्रधानमंत्री ने रवीश तिवारी की पत्नी से फोन पर बात कर शोक संवेदना व्यक्त की, जबकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुग्राम में उनके परिवार से मुलाकात की।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रवीश तिवारी गहरी समझ वाले और विनम्र स्वभाव के व्यक्ति थे। मोदी ने ट्वीट कर कहा की नियति ने रवीश तिवारी को बहुत जल्दी ही हमसे छीन लिया। मुझे उनकी रिपोर्ट पढ़ने में आनंद आता था और मैं समय-समय पर उनसे बात भी करता था। उनके परिजनों और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति.’

