श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए रोहित बने कप्तान,जसप्रीत बुमराह उपकप्तान

मुंबई : बीसीसीआई ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाले दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए रोहित शर्मा को कप्तान बनाया है। भारतीय सलामी बल्लेबाज पहले से ही सीमित ओवरों के प्रारूप में टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उन्हें विराट कोहली के बाद सफेद गेंद के लिए अब पूर्णकालीन कप्तान बना दिया है। वहीं श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह उपकप्तान होंगे।टीम इंडिया के साउथ अफ्रीका दौरे पर टेस्ट सीरीज हारने के बाद विराट कोहली ने कप्तानी छोड़ दी थी। रोहित शर्मा इस दौरे के लिए टीम का हिस्सा नहीं थे। साउथ अफ्रीका में वनडे सीरीज के लिए केएल राहुल को टीम का कप्तान बनाया गया था। लेकिन भारत वह सीरीज 0-3 से हार गया था। वेस्टइंडीज के भारत दौरे में रोहित शर्मा कप्तान के रूप में लौटे और भारत ने वनडे सीरीज 3-0 से जीत ली थी और टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।


बता दें कि रोहित शर्मा पांच महीने से अधिक समय के बाद टेस्ट में वापसी कर रहे हैं. उन्होंने आखिरी बार सितंबर में इंग्लैंड में सीरीज खेली थी. उन्हें दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टेस्ट टीम में शामिल किया गया था, लेकिन हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण वे इस टूर से चूक गये थे। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप जीत हासिल करते हुए सीमित ओवरों में अपनी पूर्णकालिक कप्तानी की भूमिका में शानदार शुरुआत की थी।