दिल्ली : आज उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी दिल्ली पहुंचे हैं। विधानसभा चुनाव से निबटने के बाद अब भाजपा नेता चुनाव प्रचार के लिए उत्तर प्रदेश की राह पर है। जल्द ही वह बतौर स्टार प्रचारक उप्र के दौरे पर भी जाएंगें । प्रदेश भाजपा ने उप्र में चुनाव ड्यूटी के मद्देनजर 80 कार्यकर्त्ताओं की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी है। कार्यक्रम तय होने के बाद यह टीम प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय और प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार के नेतृत्व में उप्र जाएगी। मुख्यमंत्री धामी का गुरुवार को व्यस्त कार्यक्रम रहा। शाम को वह रुद्रपुर से दिल्ली पहुंच गए। दिल्ली में वह केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। एक दो दिनों में वो यूपी दौरे पर भी निकल सकते है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार के अनुसार पार्टी ने उप्र में चुनाव प्रचार के लिए जिन 80 कार्यकर्त्ताओं की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी है, उनमें विधानसभा क्षेत्रों के विस्तारक से लेकर विधायक, मंत्री और प्रांतीय पदाधिकारी शामिल है। उप्र में ये सभी चुनाव प्रबंधन में जुटेंगे।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री डा रमेश पोखरियाल निशंक से उनके आवास पर जाकर भेंट की।

