गूगल के वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब ने बड़ा फैसला लेते हुए एक कार्रवाई के अंतर्गत भारत विरोधी प्रोपोगैंडा फैलाने वाले 20 यूट्यूब चैनलों पर पूर्णतः बैन कर दिया है। यूट्यूब ने यह कार्रवाई भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक आदेश के बाद की है, हालांकि सरकार की ओर से इस कार्रवाई के बारे में आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।
अभी तक की ख़बरों की मानें तो नए आईटी एक्ट 2021 के तहत यह पहली बड़ी कार्रवाई की गई है। 20 यूट्यूब चैनल के अलावा दो वेबसाइट पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। ये सभी 20 यूट्यूब चैनल पाकिस्तान से संचालित होते थे और दो वेबसाइट को भी पाकिस्तान से ही ऑपरेट किए जाते थे। नए आईटी कानून के अनुसार,पहली बार आपातकालीन स्थिति में स्पेशल पावर का इस्तेमाल किया गया है और इन चैनल पर बैन लगाया गया है। बैन हुए चैनल में से 15 का स्वामित्व ‘नया पाकिस्तान’ ग्रुप के पास है। इन चैनल पर पब्लिश हुए कुछ वीडियो अनुच्छेद 370, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कश्मीर की ओर बढ़ते तालिबान लड़ाकों को लेकर थे।

