केंद्र सरकार का दिवाली पर कर्मचारियों को तोहफा , महंगाई भत्ते में 3 फीसदी की वृद्धि

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को दिवाली पर तोहफा दिया है। सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की वृद्धि करने का फैसला किया है। यह त्यौहार के समय सही मायनों में कर्मचारियों के लिए उपहार से कम नहीं है। आज कैबिनेट की बैठक के बाद की इस बात की जानकारी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि अब केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को 28 से बढाकर 31 प्रतिशत कर दिया गया है। महंगाई भत्ते में यह बढ़ोत्तरी 1 जुलाई से प्रभावी होगी। इससे पहले केंद्र सरकार ने जुलाई महीने में केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 11 प्रतिशत की वृद्धि की थी जिससे उनका डीए 17 से 28 प्रतिशत हो गया था। इस ऐलान के बाद केंद्रीय कर्मचारियों में ख़ुशी की लहर देखी जा रही है।
क्योंकि कोरोना काल में केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि को रोक दिया गया था। जनवरी 2020 से महंगाई भत्ते में वृद्धि को रोका गया था, जिसे जुलाई 2021 में फिर से बहाल कर दिया गया था। अनुराग ठाकुर ने बताया कि सरकार के इस फैसले से केंद्र सरकार के 47 लाख कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनकर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार के इस फैसले से केंद्रीय कर्मचारियों को उनके टीए, पीएफ और ग्रेज्युटी में भी लाभ मिलेगा।अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों के लिए कई कल्याणकारी योजनाए शुरू की हैं। साथ ही उन्होंने आज कोरोना की 100 करोड़ डोज़ होने पर सरकार , स्वास्थ्य कर्मियों और देश की जनता का आभार भी प्रकट किया।