एनसीआर में गर्मी से राहत,झमाझम बारिश

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में आज सुबह ख़ूब बारिश हुई। दिल्ली वालों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। देर रात उमस के बाद हुई बारिश से आज सुबह लोग सुहाने मौसम का आनंद लेते हुए उठे। राजधानी में इसके साथ ही तापमान में गिरावट आई। न्यूनतम तापमान गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस हो गया और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पर है। दिन में भी बादल छाए रहने का अनुमान है। इनके अलावा देश के अलग-अलगे हिस्से में आज बारिश का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के तटीय इलाकों में लू चल सकती है। जबकि उत्तर पश्चिमी राज्यों दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 मई तक धूल भरी आंधी चल सकती है। उधर हिमाचल प्रदेश के कई जिले में आज बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार तक यहां गरज के साथ बारिश का अनुमान है। इस दौरान बिजली गिरने की भी संभावना है।
वहीं उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ जिलों में बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि हरिद्वार,देहरादून, ऋषिकेश,कोटद्वार, गाजियाबाद, मेरठ, मोदीनगर, गढ़मुक्तेश्वर,हापुड़, बुलंदशहर में आज हल्की बारिश हो सकती है।