जोशीमठ में ख़तरा बरक़रार, डर से सहमे लोग

जोशीमठ: उत्तराखंड के जोशीमठ में भू धंसाव का खतरा अभी टला नहीं है। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के बीच सामने आए इस खतरे से दहशत की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर प्रशासनिक टीम ने सर्वे के बाद यहां चौकसी बढ़ा दी है। प्रशासन ने इस भवन को येलो जोन में रख दिया है। नया मामला जोशीमठ के गांधीनगर में देखने को मिला है। जिस भवन में नई दरारें देखी गई हैं, उसके आसपास के भवनों में पहले से दरारें आ चुकी हैं और प्रशासन ने इन मकानों पर रेड स्टीकर लगाया है।
बता दें कि उत्तराखंड के जोशी मठ में भू धंसाव और मकानों में दरार का खतरा पिछले साल दिसंबर में शुरू हुआ था और इस साल के जनवरी महीने तक जारी रहा था। उस समय यह दरारें जोशीमठ के सुनील, मनोहर बाग, सिंहधार के अलावा गांधी नगर, रविग्राम और मारवाड़ी वार्डों में देखने को मिला था. कई जगह यह दरारें खतरनाक थी, कुछ स्थानों पर हल्की फुल्की देखी गई। हालांकि उसके बाद प्रशासन ने दावा किया था कि खतरा टल गया है। लेकिन एक बार फिर मकानों में दरारें देखकर लोगों में दहशत की स्थिति है। जोशीमठ के एसडीएम कुमकुम ने बताया कि उन्हें नई दरारों की जानकारी मिल चुकी है और सर्वे के लिए आदेश कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मकान पर फिलहाल येलो स्टीकर लगाया गया है। उन्होंने बताया कि हालात को देखते हुए पूरे इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।