नई दिल्लीः कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोनिया गांधी ने बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। सोनिया ने संविधान को बचाने के लिए सभी राजनैतिक दलों से साथ मिलकर आने को कहा है।
सोनिया गांधी ने केंद्र पर हमला करते हुए कहा कि असली ‘राष्ट्र विरोधी’ वे लोग हैं जो धर्म, जाति, लिंग और भाषा के आधार पर भारतीयों को एक-दूसरे के खिलाफ बांटने की कोशिश कर रहे हैं। सोनिया गांधी ने भीमराव आंबेडकर की 132वीं जयंती के अवसर पर केंद्र सरकार पर हमला बोला। सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि आज की मौजूदा सरकार अपनी सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। वह संविधान को नष्ट करने की कोशिश में है. सरकार स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुता जैसी बुनियादों चीजों को कमजोर करने में लगी है।

