G-20 सम्मलेन में सीएम धामी का संबोधन,उत्तराखंड में है अपार संभावनाएं

रामनगर : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार की शाम G-20 के चीफ साइंस एडवाइजर्स वर्किंग ग्रुप से मुलाकात की। उन्होंने इस ग्रुप में शामिल विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए उत्तराखंड के बारें में जानकारी दी। सीएम धामी ने कहा कि G-20 की थीम वन अर्थ वन फेमिली वन फ्यूचर भारतीय संस्कृति के वसुधैव कुटुंबकम वाली सोच पर आधारित है। उन्होंने कहा कि चीफ साइंस एडवाइजर्स राउंड टेबल का आयोजन हमारी सनातन संस्कृति की मूल अवधारणा को पल्लवित करने में सहायक सिद्ध होगी। सीएम धामी ने ग्रुप के सदस्यों को बताया कि आज वह विश्व की सबसे बड़ी पर्वत श्रृंखला हिमालय की गोद में बसे उत्तराखंड में हैं। केदारखंड और मानसखंड मंदिर समूहों तथा बद्रीनाथ धाम जैसे पौराणिक धाम की पवित्र भूमि पर होने की वजह से इसे देवभूमि भी कहा जाता है। यहां हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे आध्यात्मिक केंद्र हैं तो योग और आयुर्वेद का एक वैश्विक केंद्र भी हैं। सीएम धामी ने कहा कि यहां आप सभी महान वैज्ञानिकों द्वारा एक बेहतर विश्व बनाने के प्रयासों के लिए किया जा रहा चिंतन निश्चित ही संपूर्ण मानवता के लिए लाभकारी साबित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह सही समय है जब हम एक लांग टर्म विजन पर काम कर सकते है। जिसमें एंक्लूसिव ग्लोबल साइंस एडवाइज सुनिश्चित हो सके। सीएम धामी ने कहा कि हमें खुशी है कि जी-20 सीएसएआर के एजेंडे में वन हेल्थ को भी शामिल किया गया है। कहा कि कोरोना काल में यह साबित हुआ है कि वैश्विक संक्रमण पर बेहतर नियंत्रण के लिए वन हेल्थ का कॉन्सेप्ट बहुत जरूरी है।