G-20 Summit में शामिल होने इंडोनेशिया जाएंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली/इंडोनेशिया : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह इंडोनेशिया के दौरे पर रहेंगे। वहां आयोजित G-20 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी शामिल होंगे। बता दें कि इस शिखर सम्मेलन में भारत को जी-20 की अध्यक्षता सौंपी जाएगी। बीते मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भारत के G-20 प्रेसीडेंसी के लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण किया था।
इस दौरान पीएम मोदी ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि मेरे प्यारे देशवासियों और विश्‍व समुदाय के सभी परिवार जन, कुछ दिनों बाद एक दिसंबर से भारत जी-20 की अध्यक्षता करेगा। भारत के लिए ये एक ऐतिहासिक अवसर है। आज इस समिट की वेबसाइट, थीम और लोगो को लॉन्च किया गया है। मैं सभी देशवासियों को इस अवसर पर बहुत-बहुत बधाई देता हूं। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि जी-20 अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का मुख्य मंच है, जिनका आर्थिक सामर्थ्य विश्व की 85 प्रतिशत GDP का प्रतिनिधित्व करता है। बता दें कि जी-20 उन 20 देशों का समूह है, जो विश्व के 75 प्रतिशत व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं। जी-20 उन 20 देशों का समूह है, जिसमें विश्व की दो-तिहाई जनसंख्या समाहित है। साथ ही भारत अब इस जी-20 समूह का नेतृत्व करने जा रहा है।