देहरादून : पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड में रिटायरमेंट से छह माह पहले ही कर्मचारी के सभी कागजातों की जांच करने की योजना बनाई गई है। ऐसा इसलिए ताकि रिटायरमेंट के बाद उसकी पेंशन व अन्य देयकों के भुगतान में अधिक समय न लगे। बीते दिन रविवार को अवकाश रहता है लेकिन इसके बाद भी पिटकुल के एमडी ने मानव संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक की गई और इस पर विचार विमर्श हुआ। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने साफ किया कि रिटायरमेंट के छह माह पहले ही दस्तावेज की जांच जरूरी होगी।
इतना ही नहीं बल्कि रिटायरमेंट के दिन कर्मचारी को उसके उपार्जित अवकाश का चेक भी दिया जाएगा। रिटायरमेंट के 15 दिन के भीतर जीपीएफ का भुगतान हो जाएगा। रिटायरमेंट के 15 दिन के भीतर ही पेंशन से जुड़े कागज तैयार कर कोषागार में भेजने होंगे। कार्यरत कर्मचारियों के लिए उन्होंने कहा कि उपार्जित अवकाश और जीपीएफ भुगतान को आवेदन करने वाले अधिकारी का आवेदन पत्र 15 दिन के भीतर स्वीकृत करते हुए धनराशि स्वीकृत की जाएगी। त्रुटि निकलने पर एक सप्ताह के भीतर उसे दूर कराना होगा। उन्होंने 31 दिसंबर तक विभाग की सभी पदोन्नतियां पूरी करने के निर्देश दिए। कार्यालय सहायक, कार्यालय सहायक लेखा से सहायक लेखाकार की पदोन्नति परीक्षा आठ दिसंबर, विभागीय व्यावसायिक परीक्षा नौ दिसंबर को है।

