हाथरस : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 15 और 16 अक्टूबर को दो शिफ्टों में पीईटी का आयोजन कराया था। इस दौरान परीक्षा में सेंधमारी करने वालों पर पैनी नजर रखी गई। इस बीच हाथरस पुलिस और एसओजी ने परीक्षा में सेंधमारी करने वाले सॉल्वर गैंग के 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों से 41 हजार रूपए भी बरामद किए हैं।
पीईटी की पहली शिफ़्ट की परीक्षा में थाना कोतवाली हाथरस के अंतर्गत परीक्षा केन्द्र सेठ हरचरनदास गर्ल्स इण्टर कॉलेज के कक्ष संख्या 10 में कक्ष निरीक्षकों की चैकिंग के दौरान धोखाधड़ी करके फर्जी ढंग से आधार कार्ड का प्रयोग कर परीक्षार्थी राहुल कुमार पुत्र मोहन लाल निवासी जनपद कन्नौज की जगह पर परीक्षा देने आये एक आरोपी मनोज उर्फ मनोहर लाल पुत्र ढाकराराम निवासी ग्राम पुर थाना रानीवाडा जनपद जालौर, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल मनोज से अभी पूछताछ की ज़ारी है। जिसके उपरान्त हाथरस के एसपी देवेश कुमार पाण्डेय द्वारा सीओ नगर के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। परीक्षा में सेंधमारी करने वाले सॉल्वर गैंग के सरगना अभियुक्त प्रकाश विश्नोई निवासी ग्राम सोडिया थाना करडा, जिला जालौर, राजस्थान व अभियुक्त प्रदीप समेत 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों से 41 हजार रूपये, लैपटाप, कार, प्रिंटर, मोबाइल, आधार कार्ड, प्रवेश पत्र आदि बरामद किए।
यूपी पीईटी परीक्षा में गड़बड़ी,6 गिरफ़्तार

