कानपुर : कानपुर में नवरात्रि के दौरान माता चंद्रिका देवी मंदिर से लौट रहे 25 श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 11 बच्चों की भी मौत हुई है। लेकिन अभीतक आधिकारिक रूप से मृतकों का कोई आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है और मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार की मदद देने की घोषणा की है। हादसे के बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
इस भयानक सड़क हादसे पर पीएमओ के आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट से ट्वीट कर बताया गया है, ‘कानपुर में ट्रैक्टर-ट्राली दुर्घटना से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस हादसे में अपनों को खोया है। घायलों के लिए मैं प्रार्थना कर रहा हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है.’ वहीं, सीएम योगी ने भी कानपुर हादसेपर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को रुपये दो लाख की एवं गंभीर घायलों को रुपये पचास हजार की आर्थिक सहायता दिये जाने के निर्देश दिए।
कानपुर में भीषण हादसा,25 की मौत

