उत्तराखंड में स्कूलों में छठी से लेकर 12वीं तक की कक्षाएं एक अगस्त से शुरू हो जाएंगी। मंत्रिमंडल की बैठक में इस बारे में निर्णय किया गया।
इसके अलावा मंत्रिमंडल ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले सभी छात्रों को तैयारी के लिए 50,000 रुपए देने, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) की प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले 100 छात्रों को तैयारी के लिए 50,000 रुपए देने एवं एनडीए तथा सीडीएस की लिखित परीक्षा पास करने वालों को भी 50,000 रुपए देने का निर्णय लिया।
राज्य सरकार के प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि ऊधमसिंहनगर जिले के पंतनगर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट हेतु चयनित भूमि पर निर्माण शुरू करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने हेतु भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को परामर्शी नियुक्त करने का फैसला लिया गया। इसे छह माह के भीतर सरकार को डीपीआर उपलब्ध करानी होगी।
वेतन संबंधी विसंगतियां दूर होंगी
प्रदेश में कई विभागों में वेतन विसंगति संबंधी प्रकरणों के समाधान के लिए मंत्रिमंडल ने सेवानिवृत्त मुख्य सचिव इंदु कुमार पांडे की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति बनाने को भी मंजूरी दे दी जो अधिकतम तीन माह में अपनी संस्तुति देगी।
मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय के निर्देश पर परिवहन निगम के कार्मिकों को तीन माह का वेतन 51.24 करोड रू की धनराशि देने के बारे में निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत कर दिया।
जानकारी के मुताबिक कोविड 19 की शुरुआत के बाद से राज्य सरकार अब तक परिवहन निगम को अपने कार्मिकों को वेतन देने के लिए 209.35 करोड़ दे चुकी है।

