यूपी के रायबरेली में ज़हरीली शराब पीने से 6 की मौत,10 से ज़्यादा घायल

रायबरेली : यूपी के रायबरेली से एक बुरी ख़बर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि ज़हरीली शराब पीने से 6 लोगों की मौत हो गई है,और 10 से ज़्यादा लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए है , इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि रायबरेली के महाराजगंज थाने के पहाड़पुर इलाके के एक परिवार में बच्चे का जन्मदिन मनाया जा रहा था,इस पार्टी में जाम भी छलक रहे थे। बच्चे के पिता रामधनी ने पार्टीमे आए लोगों को देशी शराब पिलाई ,लेकिन कोई नहीं जानता था कि वह शराब जहरीली है। इस बारे में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि रात में ही शराब पीने वालों की तबीयत बिगड़ने लगी थी. अंत में उनमें से 6 लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में गांव मजरे पहाड़पुर के निवासी वंशीलाल , पहाड़पुर की रहने वाली सुखरानी , सरोज यादव और राम सुमेर हैं।


डीजीपी मुकुल गोयल ने इस संबंध में कहा कि यह अत्यंत ही दु:खद घटना है। मामलें की जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आईजी लक्ष्मी सिंह इस मामले में ग्रामीणों से पूछताछ कर रही हैं। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. शराब व्यापारी और सेल्समैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। और जिस कंपनी की बॉटल से जहरीली शराब बरामद हुई थी। उसके सैम्पल्स को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों की मांग है कि यहां से शराब का ठेका हटाया जाए।और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है कि आखिर जहरीली शराब आई कहां से? इस घटना के बाद आबकारी इंस्पेक्टर अजय कुमार, आबकारी सिपाही धीरेंद्र श्रीवास्तव और जिला आबकारी अधिकारी राजेश्वर मौर्य निलंबित कर दिए गए हैं।