उत्तराखंड में बारिश के कारण बिहार के 10 लोगों की मौत,नीतीश सरकार ने किया मुआवज़े का ऐलान

देहरादून/पटना : पिछले दिनों उत्तराखंड में हुई भारी बारिश के कारण अबतक करीब 69 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। इन 69 मरने वालों में १० लोग बिहार के बताए जा रहे है। इन शवों की पहचान हो गई है। इस दुःखद हादसे पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने गहरा शोक प्रकट किया है। और कहा कि सभी शवों को बिहार उनके घर जाएगा। नीतीश कुमार ने मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तराखंड में कल शुक्रवार को और भी शव बरामद हुए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार बारिश के कारण हुई तबाही में मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 69 हो गई है। सरकार ने बताया कि एनडीआरएफ की राहत व बचाव टीमें अलग-अलग जगहों पर मोर्चा संभाले हुए है। अलग-अलग स्थानों से कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। एसडीआरएफ की एक टीम ने ग्लेशियरों के फंसे 6 विदेशी नागरिकों समेत कई अन्य सैलानियों को सुरक्षित बचा लिया है।और फिलहाल अभी बारिश से हुई तबाही का सही अनुमान लगा पाना मुश्किल है। अभी भी मरने वालों व घायलों की संख्या बढ़ती ही जा रही है।प्रशासन ने भी आपदा राहत कार्यों को तेज कर दिया गया है लेकिन खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्क़ते आ रही है।उत्तरकाशी जिले के चितकुल ट्रेक से लापता दल के दो सदस्य घायल हैं जिनका इलाज उत्तरकाशी के अस्पताल में चल रहा है। वहीं कुमांउ में सर्वाधिक मौतें नैनीताल में हुई है। यहां अभी तक 36 लोगों ने इस आपदा में अपनी जान गंवाई है। और चंपावत में 11, अल्मोडा में 7 , पिथौरागढ में 3 और उधमसिंह नगर में दो मौतें हुई है।