धर्म नगरी हरिद्वार में एक व्यक्ति के फांसी से लटक कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित रामनगर कॉलोनी निवासी भगत सिंह पुत्र निर्मल सिंह के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि उसके चाचा सत्यवीर पुत्र तीरथ सिंह ने रात्रि 3:30 बजे के करीब विशाल मेगा मार्ट के पास स्थित प्रिंटिंग प्रेस में पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली है।
हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे प्रथम दृष्टया मृतक और उसकी पत्नी का पारिवारिक विवाद सामने आया है। मृतक की पत्नी अमनदीप कौर लुधियाना के डुमरी मानक वाला गेट में रहती है। रात्रि में दोनों के बीच आपस में फोन पर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद सत्यवीर ने फोन करके अपनी पत्नी को बताया कि वो आत्महत्या कर रहा है। उसकी पत्नी ने तत्काल मृतक के भतीजे भगत सिंह को फ़ोन पर इस बात की जानकारी दी। जब भगत सिंह दुकान पर पहुंचा तो उसे सत्यवीर पंखे से लटका हुआ मिला। इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया जहां पर सत्यवीर को डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।

