पिछले कई दिनों से हरिद्वार रेलवे स्टेशन, बस अड्डे तथा कुछ होटलों के आसपास महिलाओं द्वारा आने जाने वालों को अश्लील इशारे करने की लगातार मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6 आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। स्थानीय निवासियों की सूचना पर एसएसपी के आदेशानुसार नगर पुलिस पुलिस अधीक्षक व सीओ सिटी के निर्देशन में हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने कल रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास छह अभियुक्त महिलाओं को सड़क पर चलने वालों को अश्लील इशारे करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस संबंध में हरिद्वार नगर कोतवाली में धारा 294 के तहत मामला पंजीकृत किया गया तथा सभी अभियुक्तों को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।
अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक संजीत कंडारी, लक्ष्मी मनोरा, स्वराज, अरुण चमोली, रीना तथा कल्पना शामिल थे।
वहीं सभी आरोपी महिलाओं की उम्र 20 से 40 साल के बीच बताई गई है। इनमे एक महिला धामपुर बिजनौर तथा दो ज्वालापुर स्थित लाल मंदिर इलाके की रहने वाली हैं। वहीं एक अन्य महिला सेक्टर 2 बीएचईएल तथा एक लक्सर की निवासी बताई जा रही है। साथ ही एक महिला गुसाई गली भीमगोडा खड़खड़ी हरिद्वार की निवासी है।

