कुम्भ निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम कांग्रेसी पार्षद महावीर वशिष्ट के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने ज्ञापन देकर निर्माण कार्यों में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए मामले की एसआईटी जांच की मांग की। साथ ही जांच पूरी होने तक भुगतान रोकने सहित दोषी पाए जाने पर कार्यदायी संस्था व ठेकेदार का लाइसेंस निरस्त करने की भी मांग की है।
महावीर वशिष्ठ ने बताया कि कुम्भ निर्माण कार्यों के अधीन उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी व भूपतवाला क्षेत्र में चल रहे सीवर लाइन, अमृत गंगा योजना के अंतर्गत बिछाई जाने वाली लाइन, सिंचाई विभाग, पी डब्ल्यू डी व विद्युत विभाग द्वारा किये गए कार्यों की एस आई टी जांच करवाई जानी चाहिए इससे भ्रष्ट अधिकारियों पर अंकुश लगेगा व राजस्व का नुकसान होने से बचेगा। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में नगर मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन लिया। इस अवसर पर पार्षद कैलाश भट्ट, बलराम गिरी कड़क, तरुण सैनी, शिवम गिरी उपस्थित रहें।

