नेताजी पर फेंका प्याज़, नौकरी पर दे रहे थे भाषण

बिहार में चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बाद अब 7 नवंबर को तीसरे व अंतिम चरण के लिए वोटिंग होगी। इसके प्रचार प्रसार में सभी दलों के प्रत्याशियों ने ताकत झोंक रखी है। सभी मतदाताओं को लुभाने के लिए लच्छेदार भाषण दे रहे हैं।
मंगलवार को मधुबनी जिले में मौजूदा मुख्यमंत्री व जनता दल (युनाइटेड) के प्रमुख नीतीश कुमार बिहार में पलायन और नौकरी दिए जाने का वादा करते हुए भाषण दे रहे थे। इसी दौरान भीड़ से किसी ने उन पर प्याज फेंककर अपना गुस्सा जाहिर कर दिया। हालांकि प्याज उन तक नहीं पहुंचा। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें घेरे में ले लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो कोई भी उन पर कुछ भी फेंकना या देना चाहता है, उनका स्वागत हैं। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व वाला शासन लोगों को याद है।
नीतीश कुमार ने कहा कि जो बिहार के युवाओं को 10 लाख नौकरियों का वादा कर रहा है, उसे यह बताना चाहिए कि जब 15 साल तक बिहार में शासन किया, तो उनकी पार्टी ने क्या किया। राजद शासन ने केवल 95,000 नौकरियां दी थीं, जबकि उनकी सरकार ने 6 लाख से अधिक नौकरियां प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि यदि वो सत्ता में वापस आए तो सभी को राज्य में रोज़गार मिलेगा और किसी को भी अन्य राज्यों में पलायन करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *