नई दिल्ली : कोरोना के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट का खतरा अब पूरे देश पर मंडरा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ आज इस मुद्दे को लेकर वर्चुअल मीटिंग कर रहे है. इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अलावा कैबिनेट सचिव राजीव गौबा, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार पीके मिश्रा, स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण, नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल भी इस मीटिंग में उपस्थित है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में पीएम मोदी देश में कोरोना की स्थिति और टीकाकरण की समीक्षा करेंगे और टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए भी कुछ जरूरी निर्देश दे सकते हैं। कोरोना के नए वैरिएंट के बीच कई देशों ने अपने-अपने देश की हवाई उड़ानों को फिर से प्रतिबंधित कर दिया है। इस बीच भारत में भी अलर्ट जारी किया गया है और नए वैरिएंट के खतरे से बचने के लिए दक्षिण अफ्रीकी देश से आने वाले यात्रियों का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

