लखनऊ : यूपी में निकाय चुनाव खत्म होने के बाद योगी सरकार मंत्रिमंडल में विस्तार कर सकती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अगले महीने योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है. इसमें कुछ मंत्रियों की कुर्सी जा सकती है। बताया जा रहा है कि निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन न करने वाले मंत्री मंत्रिमंडल से बाहर किए जा सकते हैं। वहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाले विधायकों और एमएलसी को मंत्रिमंडल में मौका मिल सकता है।
मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नामों में जिस नाम की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है, वो रामपुर शहर सीट से विधायक आकाश सक्सेना हैं। बता दें कि आजम खान के अयोग्य ठहराए जाने के बाद रामपुर शहर सीट पर उपचुनाव हुआ था। यहां से सपा की तरफ से आजम खान के सबसे खास आसिम राजा चुनावी मैदान में थे, जबकि भाजपा की तरफ से आकाश सक्सेना थे। जब रिजल्ट आया तो परिणाम चौंकाने वाला था, क्योंकि आकाश सक्सेना ने आजम का किला ढहाते हुए आसिम राजा को मात दे दी थी। इसलिए संभावना जताई जा रही है कि आकाश सक्सेना को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। हाल ही में संपन्न हुए यूपी निकाय चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया। सभी 17 नगर निगम की मेयर सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की। हालांकि कुछ जिलों में हार पर भाजपा में मंथन चल रहा है। नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष की कई सीटों पर बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा, जहां पर उसे जीत की उम्मीद थी। इस समय योगी कैबिनेट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत 52 मंत्री हैं। मंत्रिमंडल में अधिकतम सदस्यों की संख्या 60 हो सकती है। इस तरह देखा जाए तो अभी आठ सदस्य और शामिल हो सकते हैं। वहीं मंत्रिमंडल से कुछ मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है , उनकी जगह नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है।
जल्द हो सकता है योगी कैबिनेट का विस्तार,नए चेहरे हो सकते है शामिल

