नई दिल्ली : इस बार गर्मी समय से पहले रुला रही है। इसी कड़ी में राजधानी में एक बार फिर पारा चढ़ा है, मौसम विभाग ने भी कल बुधवार से अगले पांच दिनों के लिए यलो अलर्ट के साथ लू और भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। सोमवार को भी पारा अधिक दर्ज किया गया व दिनभर चिलचिलाती धूप की वजह से दिल्ली वासियों का गर्मी से बुरा हाल रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक अधिक 40 व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर तेज धूप निकली रही और लोग गर्मी से परेशान रहे। हवा में नमी का स्तर 36 से 69 फीसदी रहा। दिल्ली का नजफगढ़ व जफरपुर इलाका 41.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में मौसम साफ रहने के साथ अधिकतम तापमान 41 व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। बुधवार से पारा तेजी से चढ़ना शुरू होगा और पूरे सप्ताह भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

