आज से फिर शुरू हो जाएंगे राम मंदिर में वीआईपी दर्शन

अयोध्या : रामनवमी मेले की वजह से रोकी गई वीआईपी दर्शन की व्यवस्था आज शनिवार से फिर शुरू हो गए हैं। राम मंदिर ट्रस्ट ने रामनवमी मेले में भारी भीड़ आने की संभावना के मद्देनजर 18 अप्रैल तक वीआईपी दर्शन व पास के माध्यम से होने वाले दर्शन पर रोक लगाई थी। 15 अप्रैल से 18 अप्रैल तक जिन्होंने पहले से ही स्लॉट बुक कर लिए थे, उनके पास भी निरस्त कर दिए गए थे। अब पास के माध्यम से दर्शन व आरती में शामिल होने की व्यवस्था फिर बहाल हो जाएगी। ट्रस्ट ने विशिष्ट दर्शन व सुगम दर्शन की दो नई श्रेणी तय की हैं। इस श्रेणी में दर्शन की सुविधा सुबह सात बजे से रात नौ बजे के मध्य दो-दो घंटे के छह अलग-अलग स्लाॅट में मिलती है। सुगम व विशिष्ट दर्शन के लिए हर स्लॉट में 100 पास जारी होते हैं और इनमें से 20 पास ऑनलाइन बनते हैं, जबकि 80 पास ट्रस्ट के  बनाए जाते हैं। एक दिन में कुल 600 पास जारी होते हैं।

रामलला की मंगला, भोग व शयन आरती में शामिल होने के लिए भी पास की सुविधा है। इसके लिए भी हर आरती में शामिल होने के लिए 100 पास जारी होते हैं। इसमें ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरीके से पास बनते हैं। राममंदिर के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि रामनवमी मेले को देखते हुए बंद की गई सुगम, विशिष्ट दर्शन व आरती पास की व्यवस्था शनिवार से फिर शुरू कर दी जाएगी।  लद्दाख के उप राज्यपाल डॉ. बीडी मिश्र शनिवार को अयोध्या आएंगे। वे सुबह 11.25 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *