उत्तरकाशी : उत्तरकाशी के लोंथरु गांव में रहने वाली,पर्वतारोही सविता कंसवाल ने माउंट एवरेस्ट के बाद 15 दिन के अंदर माउंट मकालू पर भी आरोहण किया है और नेशनल रिकॉर्ड तैयार किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र में खुशी छाई हुई है। सविता कंसवाल ने 12 मई को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8848.86 मीटर) पर तिरंगा फहरा दिया है। लेकिन वो यही नहीं थमी बल्कि उन्होंने माउंट मकालू (8463 मीटर) पर भी सफलता का परचम लहराया। 15 दिन के अंदर दोनों पर्वतों पर आरोहण कर उन्होंने नया नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किया। चार बहनों में सबसे छोटी सविता (25) का जीवन संघर्षपूर्ण रहा है। सरकारी स्कूल से पढ़ीं सविता ने 2013 में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) उत्तरकाशी से पर्वतारोहण का बेसिक कोर्स किया हुआ है।
इसके अलावा सविता ने एडवांस और सर्च एंड रेस्क्यू कोर्स के साथ पर्वतारोहण प्रशिक्षक का कोर्स भी किया। सविता नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की एक कुशल प्रशिक्षक भी हैं। सविता की सफलता पर निम के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट, पर्वतारोही विष्णु सेमवाल, माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा, अजय पुरी, शैलेंद्र नौटियाल, माधव जोशी सभी ने बधाई और ख़ुशी जाहिर की है।

