फिर जनता पर पड़ सकती है महंगाई की मार, रसोई गैस के दाम बढ़ने की आशंका

नई दिल्ली : दिल्ली और मुंबई की जनता पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ सकती है , यहां सीएनजी और रसोई गैस के दाम बढ़ सकते हैं। एक अनुमान के मुताबिक सरकार द्वारा निर्धारित गैस के दाम करीब 76 प्रतिशत बढ़ने वाले हैं. जिसका असर सीएनजी और रसोई गैस की दरों पर भी पड़ेगा।बता दें कि डॉमेस्टिक गैस पॉलिसी 2014 के अनुसार हर 6 महीने में गैस की नई कीमतें तय की जाती है। प्राकृतिक गैस के रेटों के लिए सरकार पब्लिक सेक्टर की ऑयल एंड नैचुरल गैस जैसी कंपनियों की हर 6 महीने में समीक्षा करती है, अब यह समीक्षा 1 अक्टूबर को होनी है। ऐसे में जानकारों का मानना है कि इनके दामों में इजाफा होगा। वहीं ब्रोकरेज कंपनी ने कहा कि 1 अक्टूबर, 2021 से यह दर 3.15 डॉलर प्रति इकाई हो जाएगी. यह दर फिलहाल 1.79 डॉलर प्रति इकाई है।

बता दें कि नेचुरल गैस एक कच्चा माल है, जिसे वाहनों में इस्तेमाल के लिए सीएनजी और रसोई में इस्तेमाल के लिए पीएनजी में बदल दिया जाता है। अब अगर सीएनजी और पीएनजी की कीमतें बढ़ेंगी तो गैस की कीमतों में भारी बढ़ोत्तरी हो सकती है।जानकारों का यह भी कहना है कि , गैस वितरण कंपनियों को दरों में कम से कम 10 से 11 फीसदी की बढ़ोत्तरी करना होगा। वहीं अप्रैल 2022 से गैस की कीमतें बढ़कर 5.93 डॉलर प्रति इकाई हो सकती है। जिसका मतलब है कि अप्रैल 2022 में सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में 22 से 23 फीसदी का इजाफा होने के पूरे आसार हैं।