आज होगा गुजरात के नए सीएम के नाम का ऐलान ,भाजपा विधायक दल की बैठक 3 बजे

गांधीनगर : शनिवार को विजय रुपाणी के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के बाद अगला सीएम कौन होगा उस पर असमंजस बना हुआ है और आज गांधीनगर में हो रही विधायक दल की बैठक के बाद नए मुखिया के नाम का ऐलान भी कर दिया जाएगा। इसी असमंजस के बीच गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा है कि मुख्यमंत्री ऐसा होना चाहिए जिसे पूरा गुजरात जानता हो … पहचानता हो। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता यमल व्यास ने कहा कि भाजपा विधायक दल की बैठक रविवार दोपहर तीन बजे से होगी, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर और प्रह्लाद जोशी सम्मिलित होंगे। बैठक में राज्य के नए सीएम के नाम पर भी मोहर लग जाएगी, उसके बाद नया विधायक डाल का नेता राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।


भाजपा ने नए मुख्यमंत्री के चयन के लिए विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय मंत्री तोमर और जोशी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर ने रविवार सुबह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल से भेंट की। तोमर ने एयरपोर्ट पर कहा कि हम नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा के लिए यहां आए हैं, और हम भाजपा के प्रदेश नेताओं के साथ इस पर चर्चा करेंगे। वहीं विजय रुपाणी के गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि उनका इस्तीफ़ा देना बीजेपी का अंदरूनी मामला है। हम उनके अकस्मात् इस्तीफे पर कोई टिपण्णी नहीं करेंगे।