हर महीने आयोजित होंगे थाना दिवस

उत्तर प्रदेश में अब हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को कोविड प्रोटोकॉल के तहत थाना दिवस/समाधान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में प्रदेश के चारों पुलिस आयुक्तों, सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
पांच दिनों में देना होगा समाधान
शासन ने थाना दिवस/समाधान दिवस में प्राप्त जन समस्याओं का समाधान हर हाल में पांच दिन के अंदर करने का निर्देश दिया है। इसके लिए जिला स्तर पर थाना दिवस की समीक्षा के लिए अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। यह अधिकारी पिछले थाना दिवस में सामने रखी गई समस्याओं के निस्तारण की सूचना जनसामान्य को दिए जाने की व्यवस्था भी करेंगे।
कोविड प्रोटोकॉल का ख्याल
थाना दिवस आयोजन के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाएगा। थाना दिवस ऐसी खुली जगहों पर आयोजित किया जाएगा जहां सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए आवेदकों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था हो।
सभी जोनल अपर पुलिस महानिदेशक, परिक्षेत्रिय पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस उपमहानिरीक्षक खुद अपने क्षेत्र में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के कम से कम दो-दो थानों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि थाना दिवस का आयोजन निर्देशानुसार हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *