आपदा: उत्तरकाशी में बादल फटने से तीन की मौत, एक लापता


देहरादून। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोरी रोड पर मांडव गांव में रविवार देर रात बादल फटने से तीन साल की बालिका और उसकी मां सहित एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य लापता है।

प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर तीन दिन से लगातार जारी बारिश से सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।
उत्तरकाशी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि बादल फटने से घरों में मलबा घुस गया जिसमें एक ही परिवार की माधुरी देवी (36), ऋतु देवी (32) और उसकी तीन वर्षीय पुत्री तृष्वी की मृत्यु हो गई। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

घटनास्थल के नजदीक कंकराडी गांव में भी मलबे में एक अन्य व्यक्ति के लापता होने की सूचना है जिसकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

उधर, देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में छिबरो जलविद्युत परियोजना में फंसे दो मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान अभी जारी है।

लगातार बारिश से सभी नदियां उफान पर
प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर पिछले तीन दिन से रुक-रुक कर लगातार जारी बारिश से गंगा, यमुना, भागीरथी, अलकनंदा, मंदाकिनी, पिंडर, नंदाकिनी, टोंस, सरयू, गोरी, काली, रामगंगा आदि सभी नदियां उफान पर हैं जिनकी सतत निगरानी की जा रही है।

अनेक स्थानों पर भारी बारिश से भूस्खलन होने से अनेक मार्ग यातायात के लिए अवरूद्ध हैं जिन्हें खोलने के प्रयास जारी हैं। कई स्थानों पर अतिवृष्टि से मकानों और खेतों में मलबा भी घुस आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *