पटना : रामनवमी के दिन कई जगहों से तोड़-फोड़ और आगजनी की तस्वीरें सामने आई है। इस बीच नालंदा और सासाराम में हुई हिंसा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई। हिंसा को देखते हुए अमित शाह के बिहार दौरे को रद्द कर दिया गया है। बिहार में हिंसा के बाद सासाराम और नालंदा में इंटरनेट सेवा बंद कर दिया है। पथराव और आगजनी की घटना को देखते हुए इन इलाकों में धारा 144 भी लागू कर दी गई है। इसे लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “दुख की बात है। हमें कल जैसे ही पता चला अलर्ट होकर तेजी से काम किया गया। उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ये किसी ने जानबूझकर किया है, हमने कहा है कि इस बारे में पता लगाया जाए।” अमित शाह का दौरा रद्द होने को लेकर जब ये सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कोई भी केंद्र के मंत्री बिहार आते हैं तो उनको सुरक्षा दी जाती है। राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाती है। हम इन चीजों का ध्यान रखते हैं, भाजपा के लोग ध्यान न रखें वो अलग बात है। यहां लॉ एंड ऑर्डर की कोई प्रॉब्लम नहीं है।
दंगाइयों के ख़िलाफ़ होगी कड़ी कार्यवाही : नीतीश कुमार

