भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी सोनिया गाँधी

बेंगलुरु : कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा चल रही है। राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से इसकी शुरुआत की थी और अभी यह यात्रा कर्नाटक पहुंची है। सूत्रों से मिली ताजा जानकारी के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी 6 अक्टूबर को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी। और इसके एक दिन बाद 7 अक्टूबर को पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी इस पैदल मार्च में शामिल होंगी। बता दें कि यह कांग्रेस पार्टी का सबसे लंबा पैदल मार्च है।
बता दें कि इस यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर को कन्याकुमारी से हुई थी। उस समय सोनिया गांधी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं हो पाई थी। सूत्रों की मानें तो सोनिया गांधी मेडिकल चेकअप के लिए विदेश गई थी। उनकी गैर-मौजूदगी में राहुल गांधी ने भारत के दक्षिणी सिरे से मार्च को हरी झंडी दिखायी थी। हालांकि कांग्रेस के एक नेता ने संकेत दिया है कि सोनिया गांधी की उपस्थिति इस बार संक्षिप्त होगी, क्योंकि वह कुछ दिन पहले ही अपना मेडिकल चेकअप कराकर आई हैं। बता दें कि सोनिया गांधी ने उदयपुर चिंतन शिविर में अपने संबोधन में यात्रा में शामिल होने के लिए गहरी दिलचस्पी दिखाई थी और चुटकी भी ली थी कि भारत जोड़ो यात्रा में उनके जैसे वरिष्ठ लोगों के लिए जगह होनी चाहिए।