पीएम मोदी ने किया इंदौर में एशिया के सबसे बड़े बायो गैस संयंत्र का उद्घाटन

इंदौर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इंदौर में एशिया के सबसे बड़े बायो सीएनजी प्लांट का उद्घाटन किया। इस मौके पर मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी वर्चुअली मौज़ूद रहे। पीएम मोदी ने वर्चुअली इस बायो सीएनजी प्लांट का लोकार्पण किया। बता दें कि इस प्लांट के शुरू होने के बाद साल में करीब 1.30 लाख टन कार्बन उत्सर्जन कम होगा।साथ ही ट्रेचिंग ग्राउंड में 550 टन गीले कचरे से करीब 17500 किलो बायो सीएनजी तैयार होगा। उद्घाटन के बाद पीएम मोदी नें कहा कि आज का दिन स्वच्छता के लिए इंदौर के अभियान को एक नई ताकत देने वाला है।और इस प्लांट के लिए मैं आप सभी को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि शहर में घरों से निकला गीला कचरा हो, गांव में पशुओं-खेतों से मिला कचरा हो, ये सब एक तरह से गोबरधन ही है। शहर के कचरे और पशुधन से गोबरधन, फिर गोबरधन से स्वच्छ ईंधन, फिर स्वच्छ ईंधन से ऊर्जाधन, ये शृंखला, जीवनधन का निर्माण करती है।

पीएम नें यह भी कहा कि देशभर के शहरों में लाखों टन कूड़ा, दशकों से ऐसी ही हजारों एकड़ ज़मीन घेरे हुए है. ये शहरों के लिए वायु प्रदूषण और जल प्रदूषण से होने वाली बीमारियों का एक बड़ा कारण है। इसलिए स्वच्छ भारत मिशन के दूसरे चरण में इस समस्या से निपटने के लिए काम किया जा रहा है।बायो सीएनजी प्लांट के उद्घाटन के मौक़े पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंदौर एकमात्र ऐसा शहर है, जो 6 तरह के कचरे को अलग करता है। 20 से ज्यादा बाजार जीरो वेस्ट बने हैं, 3 हजार बेकलेन बनी जहां बच्चे खेलते है। और यह बायो गैस सयंत्र एक मील का पत्थर साबित होगा।