रिजर्व बैंक ने शुरू किया घरेलु मुद्रास्फीति सर्वे,आय एवं खर्च पर प्रतिक्रिया जानना है लक्ष्य

मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक ने आज मुद्रास्फीति के अनुमानों और उपभोक्ता विश्वास का आंकलन करने के लिए घरेलू सर्वेक्षण की शुरुआत की है. रिजर्व बैंक द्वारा नियमित रूप से किये गये सर्वेक्षणों से मिले आंकड़े, उसकी मौद्रिक नीति के लिए जरुरी जानकारी मुहैया कराते हैं | आरबीआई ने घरेलू मुद्रास्फीति प्रत्याशा सर्वेक्षण के मार्च 2022 के दौर के शुभारंभ की घोषणा करते हुए कहा कि सर्वेक्षण का उद्देश्य 18 शहरों के लगभग 6,000 घरों में व्यक्तिगत खपत के आधार पर कीमतों में उतार-चढ़ाव और महंगाई के व्यक्तिगत असर का आंकलन करना है | इन शहरों में अहमदाबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़, चेन्नई, दिल्ली,जयपुर, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, पटना और तिरुवनंतपुरम शामिल हैं |
आरबीआई ने कहा है कि ‘सर्वेक्षण के तहत आने वाले तीन महीनों के साथ ही अगले वर्ष के दौरान कीमतों में बदलाव पर परिवारों से गुणात्मक प्रतिक्रिया ली जाएगी.’ केंद्रीय बैंक ने एक अन्य विज्ञप्ति में कहा कि उपभोक्ता विश्वास सर्वेक्षण के मार्च 2022 दौर का उद्देश्य सामान्य आर्थिक स्थिति, मूल्य स्तर, परिवारों की आय और खर्च पर ब्यौरा हांसिल करना है |