राहुल गाँधी हैं नकली गाँधी :गिरिराज सिंह

गाजियाबाद : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के हिंदुत्ववादी वाले बयान को लेकर तीख़ा हमला बोला है। गिरिराज सिंह ने गाजियाबाद में आज एक कार्यक्रम में कहा कि राहुल गांधी ‘नकली’ गांधी हैं। भाजपा की केंद्र और राज्य की सरकार महात्मा गांधी के सपने को पूरा करने के लिए हमेशा से ही प्रयासरत है।बता दें कि 30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर राहुल गांधी ने एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने कहा कि एक हिंदुत्ववादी ने बापू (महात्मा गांधी) जी को गोली मारी थी। सब हिंदुत्ववादियों को लगता है कि गांधी जी नहीं रहे। राहुल गांधी ने आगे लिखा, ‘जहां सत्य है, वहां आज भी बापू जिंदा हैं’।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में इशारों ही इशारों में महात्मा गांधी को गोली मारने वाले नाथूराम गोडसे को हिंदुत्ववादी बताया था। इसके जरिए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर भी निशाना साधा।


राहुल गांधी का मानना है कि हिंदू और हिंदुत्ववादी दोनों में फर्क होता है। राहुल अपनेआप को हिंदू कहते हैं। जबकि भाजपा से जुड़े लोगों को हिंदुत्ववादी। बता दें, 29 दिसंबर को राहुल गांधी ने कांग्रेस के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को संबोधित किया था. इस दौरान उन्होंने कहा था कि जो लोग हिंदुत्व की विचारधारा में विश्वास करते हैं, वे अंग्रेजों के सामने झुकते थे और वे पैसे के सामने झुकते हैं क्योंकि उनके दिल में कोई सच्चाई,कोई ईमान नहीं है।