नई दिल्ली : कोरोना के नए वैरिएंट ओमीक्रोन ने तेज़ी से अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं , ताज़ा मिली जानकारी के अनुसार भारत में भी 2 केस मिलें हैं। यह दोनों मामले कर्नाटक से सामने आए हैं। जिसमे एक शख्स 65 वर्ष का है और दूसरा 45 वर्ष का है। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा की , उन्होंने बताया कि देश में एक महीने से कोविड-19 के संक्रमण के मामलों में कमी आई है। और स्वास्थ्य विभाग के डाटा के अनुसार देश में 55 प्रतिशत एक्टिव मामले महाराष्ट्र और केरल में हैं , और देश की 49 प्रतिशत आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं।
बता दें कि कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक मामले यूरोप में हैं , और यहां कोरोना के कारण हो रही मौतों का आंकड़ा भी तेज़ी से बढ़ा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार यूरोप में कोरोना प्रोटोकोल में ढील दीगई थी , और इसी की वजह से वहां संक्रमण और मौत ज्यादा हुए हैं। लव अग्रवाल ने कहा कि इसलिए जनता के सामने रख रहे हैं , क्योंकि पिछले दो साल से हमने जो स्थिति देखी है उसके आधार पर हम कह सकते हैं कि अगर सभी कोरोना गाइडलाइंस का पालन करते रहे, तो मामलों में कमी आएगी। वैसे तो हमने कोरोना से बहुत सावधानी से लड़ाई की है और जनता को जागरूक कर रहे हैं और लगातार वैक्सीनेशन पर भी ज़ोर दिया जा रहा है।

