जम्मू कश्मीर : राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने जम्मू-कश्मीर में आज 16 ठिकानों पर दबिश दी है जिनमें कुलगाम, बारामुला, श्रीनगर, अनंतनाग में कार्रवाई की जा रही है। वॉयस ऑफ हिंद पत्रिका से जुड़े मामलों में ये कार्रवाई की जा रही है। ख़बरों की मानें तो टीआरएफ(द रेजिस्टेंस फ्रंट) के कमांडर सज्जाद गुल के घर पर भी अधिकारियों ने दबिश दी है। ‘वॉयस ऑफ हिंद’ पत्रिका के प्रकाशन और आईईडी की बरामदगी के संबंध में जम्मू-कश्मीर में 16 जगहों पर कार्रवाई हुई है। जिसमें एजाज अहमद टाक पुत्र गुलाम मोहम्मद टाक, मुदासिर अहमद अहंगर पुत्र गुलाम मोहिउद्दीन अहंगर, नसीर मंजूर मीर पुत्र मंज़ूर अहमद मीर और जुनैद हुसैन खान पुत्र मोहम्मद हुसैन खान को अचबल थाने लाया गया है और उन सभी से पुलिस की पूछताछ जारी है।
कश्मीर घाटी में इस महीने हुई टारगेट किलिंग को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था काफी गंभीर की गई है। इस बीच हमले में शामिल आतंकियों की धरपकड़ के लिए पूरे कश्मीर में कई जगहों पर छापे मारकर 500 से अधिक युवाओं को गिरफ्त में लिया गया है।इनसे भी पूछताछ लगातार जारी है। पकड़े गए युवाओं में पत्थरबाज, ओजीडब्ल्यू की संदिग्ध सूची में शामिल युवा और जमात-ए-इस्लामी व तहरीक-ए-हुर्रियत से जुड़े कैडर भी हैं। केंद्र से भेजे गए आईबी के वरिष्ठ अधिकारी पूरी स्थिति पर गहन नज़र बनाए हुए हैं। इस करवाई के चलते श्रीनगर से 70 युवाओं को धरदबोचा गया है। इनमें से ज्यादातर डाउनटाउन से जुड़े हैं जिनका पत्थरबाजी व अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल होने का पिछला रिकॉर्ड भी दर्ज है। गांदरबल से 45, शोपियां से 40, बडगाम से 30 युवाओं को हिरासत में लिया गया है। जिनसे यहाँ पूछताछ चल रही है उनका इस घटना कनेक्शन अभी तक सामने नहीं आया है।
वॉयस ऑफ हिंद और टीआरएफ के ठिकानों पर एनआईए का छापा,16 जगहों पर हुई दबिश

