नवजोत सिंह सिद्धू ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर चर्चा के लिए मांगा समय

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने आज सोनिया गांधी को आगामी चुनाव के लिए एक पत्र लिखा है और उन्होंने 13 प्वाइंट एजेंडा पर चर्चा के लिए उनसे समय मांगा है। सिद्धू ने पत्र में लिखा है कि मैं जिन 13 मुद्दों पर चर्चा करना चाहता हूं वे हमारे घोषणा पत्र में भी होंगे। उन्होंने कहा है कि इन 13 मुद्दों को जमीनी स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ चर्चा कर बनाया है। नवजोत सिंह सिद्धू ने यह पत्र सोशल मीडिया पर शेयर भी किया है , लेकिन बता दें कि सोनिया गांधी ने कल हुई सीडब्लूसी की बैठक में जी 23 के नेताओं को फटकार लगाते हुए कहा था वे अपनी निजी राय को जिस तरह सोशल मीडिया पर व्यक्त कर रहे है वह सही नहीं है।


सोनिया गांधी की फटकार के बाद आज फिर नवजोत सिंह सिद्धू ने उनको पत्र लिखा है। नवजोत सिंह सिद्धू ने हाल ही में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था क्योंकि उनका पहले तो कैप्टन अमरिंदर सिंह से विवाद चल रहा था और उसके बाद उनकी नये मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से भी कई मुद्दों पर सहमति नहीं बनी थी। लेकिन पार्टी ने उनका इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं किया और पार्टी के कई शीर्ष नेताओं के हस्तक्षेप के बाद उन्हें मना लिया गया था। सिद्धू ने अपने पत्र में लिखा है कि दशकों तक पंजाब देश का सबसे अमीर राज्य था और आज यह पंजाब राज्य क़र्ज़ में डूबा हुआ है। पिछले कई वर्षों में फाइनेंशियल मिसमैनेजमेंट के कारण कुछ शक्तिशाली लोगों को अमीर बनाने और राज्य को कर्ज में डुबोने का काम किया गया है।