‘मैं अटल हूं’ का पोस्टर सोशल मीडिया पर हुआ रिलीज़

मुंबईः बाॅलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी एक ऐसे कलाकार हैं जो हर किरदार को बखूबी अपना बना लेते हैं।बता दें कि जल्द ही वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक में नजर आने वाले हैं। फिल्म से उनका पहला लुक इस समय सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इस खास मौके पर पंकज त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया कि वह जल्द ही अटल बिहारी बाजपेयी की बायोपिक फिल्म ‘मैं अटल हूं’ में नजर आएंगे। उन्होंने जो तस्वीर शेयर की है उसमें उन्हें पहचान पाना मुश्किल हो रहा है। मेकअप और प्रोस्थेटिक्स की मदद से वह हूबहू उन्हीं की तरह लग रहे हैं। पंकज का ये रूप देखकर उनके फैंस हैरान हैं।
उन्होने यह भी बताया कि इस फिल्म के लिए अभी दर्शकों को एक साल इंतजार करना होगा। फिल्म अगले साल यानी 2023 के दिसंबर में रिलीज होगी। फिल्म से अपना लुक शेयर करते हुए पंकज त्रिपाठी ने लिखा कि अटल जी के व्यक्तित्व को पर्दे पर साकार करने के लिए मुझे संयम से मेरे व्यक्तिमत्व पर काम करना जरूरी है, यह मैं जानता हूं। स्फूर्ति और मनोबल के आधार से मैं नई भूमिका को न्याय दे सकूंगा यह अटल विश्वास मुझे है। फिल्म का डायरेक्शन मराठी सिनेमा के मशहूर डायरेक्टर रवि जाधव कर रहे हैं। फिल्म के पोस्टर पर पंकज त्रिपाठी के फैंस ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इस तरह के रोल में पंकज त्रिपाठी को देखने के लिए उनके फैंस बहुत उत्साहित हैं।