अलीगढ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन के पश्चात लखनऊ में उनकी शव यात्रा और दर्शन के बाद अब उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए अलीगढ़ ले जाया गया। वहां पहुंचकर उनकी अंतिम यात्रा भी शुरू हो चुकी है। आज अतरौली के नरौरा घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा। कल्याण सिंह की शव यात्रा स्टेडियम से होती हुई अतरौली के एनेक्सी भवन पहुंच गई है। यहां जनता दर्शन के लिए दो घंटे तक पार्थिव शरीर रखा गया है। लोगों का हुजूम उनके अंतिम दर्शन के लिए उमड़ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा में आज गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे हैं।
रविवार को लखनऊ में अंतिम दर्शन के लिए शाह नहीं पहुंच पाए थे। गृहमंत्री ने पुष्प चक्र अर्पित कर कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की है। अभी सुबह से उनके दर्शन को हज़ारों लोग आ चुके हैं और करीब 1 लाख लोगों के आने की संभावना जताई जा रही हैं। सूत्रों के हवाले से ये खबर भी मिली हैं कि अब शायद अलीगढ़ एयरपोर्ट का नाम भी पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर रखा जा सकता है।

