देश के नए चीफ जस्टिस होंगे न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़

नई दिल्ली : भारत के प्रधान न्यायाधीश यू यू ललित ने केंद्र से अपने उत्तराधिकारी के तौर पर न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़ के नाम की सिफारिश मंगलवार को की है। आपको बता दें जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश होंगे जिसकी चर्चा पहले से ही मीडिया में थी। केंद्र सरकार की ओर से कानून मंत्रालय ने सीजेआइ ललित से अनुरोध किया था कि वे अपने उत्तराधिकारी के नाम कि सिफारिश भेजने का काम करें। इसके बाद आज सिफारिश भेज दी गई है।
जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ वर्तमान सीजेआइ ललित के बाद सबसे वरिष्ठ हैं, इसलिए ऐसे कयास पहले से ही लगाये जाने लगे थे कि उनके नाम की सिफारिश ही की जा सकती है। यहां चर्चा कर दें कि सीजेआइ ललित का कार्यकाल 8 नवंबर 2022 को समाप्त हो जाएगा. वे केवल 74 दिनों तक इस पद पर अपनी सेवा देंगे। पूर्व सीजेआइ एनवी रमण का कार्यकाल पूरा होने के बाद जस्टिस ललित 26 अगस्त 2022 को देश के 49वें प्रधान न्यायाधीश नियुक्त करने का काम किया गया था। जस्टिस ललित का कार्यकाल मात्र ढाई महीने का है। वहीं इससे पूर्व प्रधान न्यायाधीशों के औसत कार्यकाल की बात करें तो ये करीब 1.5 साल का रहा है। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की बात करें तो उनका कार्यकाल दो साल का होगा. वह 10 नवंबर 2024 को सेवानिवृत्ति हो जाएंगे।