जोशीमठ में भारी बर्फबारी के चलते ध्वस्तीकरण रोक दिया गया है। जब से कार्य बंद हुआ है होटल माउंट व्यू व मलारी इन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग खोल दिए गए हैं। बर्फबारी के चलते यहां लोगों का सामान वहीँ पड़ा हुआ है जिसे शिफ्ट नहीं किया गया है। जिससे प्रभावितों के बाहर पड़े समान में बर्फ गिर रही है। ये प्रभावित घरों को खाली कर राहत शिविर में रह रहे हैं।
उत्तराखंड में आज पहाड़ियों पर स्नोफॉल हो रहा है। जोशीमठ में भारी बर्फबारी ने प्रभावितों के लिए मुसीबत बढ़ा दी है। चमोली जिले में एक दर्जन से अधिक गांव बर्फ से ढके हैं। कड़ाके की ठंड पड़ रही हैं। बीते दिन बृहस्पतिवार को देर शाम से जिले में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहा है।
चमोली डीएम हिमांशु खुराना ने बताया कि मजदूर काम नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए जोशीमठ में चल रहा तोड़ फोड़ का काम बंद कर दिया गया है. स्थिति में सुधार होने पर काम फिर से शुरू करेंगे। इसके अलावा जोशीमठ और घिंघराण क्षेत्र में साल की पहली बर्फबारी हो रही है और इसी के चलते यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जोशीमठ में प्रशासन की ओर से जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई है।

