मुंबई : आरबीआई ने नए वित्त वर्ष 2022-23 की पहली द्विमासिक मौद्रिक समीक्षा बैठक में लोनको सस्ता बनाए रखने के लिए नीतिगत रेपो रेट को लगातार 11वीं बार 4 फीसदी पर ही रखने का फैसला किया है। वहीं केंद्रीय बैंक ने रिवर्स रेपो रेट को भी 3.35 फीसदी पर रखा है, लेकिन उसने पेट्रोल-डीजल की कीमतों की वजह से महंगाई में बढ़ोतरी होने को लेकर सरकार को आगाह भी किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस साल भी महंगाई कम नहीं होगी और महंगाई दर पहले के अनुमान 4.5 फीसदी से बढ़कर 5.7 फीसदी पर रहने की उम्मीद है।
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार को मौद्रिक नीति समीति की त्रिदिवसीय बैठक में रेपो रेट को लेकर किए गए फैसलों को लेकर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों से महंगाई बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ सालों में खाद्य तेलों की कीमतें ऊंची स्तर पर बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि मजबूत रबी फसल से ग्रामीण मांग को समर्थन मिलेगा. वहीं, शहरी मांग को बढ़ावा देने में मदद के लिए संपर्क-गहन सेवाओं में तेजी आएगी. वित्त वर्ष 2022-23 में महंगाई दर पहले अनुमान 4.5 फीसदी से बढ़कर 5.7 फीसदी पर रहने की उम्मीद है।
इस साल भी कम नहीं होगी महंगाई : आरबीआई

