झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में आज मंगलवार तड़के ट्रेन नंबर 12810 मुंबई-हावड़ा मेल के 18 डिब्बे पटरी से उतर गए जिसमें दो लोगों की मौत हुई है। वहीं, 20 यात्री घायल हो गए। कुल घायलों में पांच लोगों को हल्की चोटें आई हैं और उनका घटनास्थल पर ही इलाज कर दिया गया। कुछ यात्रियों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
हावड़ा से बीते सोमवार रात को निकली यह ट्रेन मंगलवार तड़के ही हादसे का शिकार हुई। चक्रधरपुर रेलवे संभाग के पीआरओ ने बताया कि यात्रियों को रवाना करने के लिए ट्रेन का इंतजाम किया है। यह दुर्घटना जमशेदपुर से करीब 80 किलोमीटर दूर बड़ाबांस के पास सुबहर 3 बजकर 45 मिनट पर हुई। यह जगह पश्चिमी सिंहभूम के काफी करीब है। बड़ाबांस के पास मुंबई-हावड़ा मेल के 22 में से 18 डिब्बे पटरी से उतर गए। इनमें बी4 डिब्बे में एक यात्री की मौत हुई है।
इसी कोच में एक अन्य शख्स के फंसे होने की बात सामने आ रही है। बताया गया है कि कुल 16 यात्री डिब्बे थे, एक पैंट्री कार थी, जबकि एक पावर कार थी। घायलों को बड़ाबांस में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। इस घटनास्थल के करीब ही एक मालगाड़ी भी पटरी से उतर गई। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटनाएं एक ही समय पर हुईं या अलग-अलग वक्त पर। जिस जगह यह घटना हुई वह पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां की सीमाओं के करीब है। इस बीच हादसे के चलते पांच ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि चार ट्रेनों को पिछले/अगले स्टेशन से ही रवाना करने या रोकने का निर्णय लिया गया है।