आज शनिवार को भारत और इंग्लैंड के बीच रांची में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 353 रन बनाए हैं। जो रूट ने शतक जड़ा है। भारत की पहली पारी खेली जा रही है। दूसरे दिन लंच ब्रेक तक भारत ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 34 रन बनाए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 27 रन और शुभमन गिल चार बनाकर क्रीज पर हैं। भारत अभी भी इंग्लैंड से 319 रन पीछे चल रही है।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की पहली पारी 353 रन पर समाप्त हो गई है। आज इंग्लैंड ने सात विकेट पर 302 रन से आगे खेलना शुरू किया। 51 रन जोड़ने में टीम ने बाकी बचे तीन विकेट गंवा दिए। तीनों विकेट रवींद्र जडेजा ने लिए। उन्होंने एक ही ओवर में ओली रॉबिन्सन और शोएब बशीर को पवेलियन भेजा। जडेजा ने सबसे पहले रॉबिन्सन और जो रूट की 102 रन की साझेदारी को तोड़ा।

