नई दिल्ली : कोरोना संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में भारत ने आज एक नया इतिहास रचा दिया है। आज ही भारत में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के तहत 100करोड़ डोज़ लगाई जा चुकी है। इस अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के आरएमएल अस्पताल पहुंचकर 100 करोड़वीं डोज पूरा होने की उपलब्धि पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया का स्वागत किया। 100 करोड़ डोज़ का आंकड़ा पार करने के बाद नीति आयोग के स्वास्थ्य सदस्य डॉ वीके पॉल ने कहा कि 100 करोड़ डोज़ के आंकड़े पर पहुंचाना अद्भुत है। और वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू होने के मात्र 9 महीने में यह मुकाम हासिल किया गया है। ये राज्य सरकारों, ज़िला टीमों और देश की आम जनता की की उपलब्धि है।
वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने वैक्सीनेशन के लिए लोगों से बिना देरी डोज़ लगवाने और भारत की इस वैक्सीनेशन यात्रा में योगदान देने की अपील की है। मंडाविया ने कहा कि कोरोना वैक्सीन की 100 करोड़ डोज़ लगाने के बाद हम मिशन के तहत यह सुनिश्चित करेंगे कि जिन्हें पहली डोज़ लग चुकी हैं, उन्हें दूसरी डोज़ भी जल्द से जल्द लगे, जिससे कि कोरोना से उनकी सुरक्षा हो सके। पीएम मोदी ने कहा कि जिन गांवों में सौ फीसदी वैक्सीनेशन हो चुका हैं, उन्हें 100 करोड़ डोज़ लगाने की उपलब्धि के लिए इस अभियान में जुटे स्वास्थ्यकर्मियों की प्रशंसा में पोस्टर लगाने चाहिए। बता दें कि भारत से पहले अब तक सिर्फ चीन में ही 100 करोड़ से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज़ लगाई जा चुकी है।

