मथुरा: वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर का कॉरिडोर बनने की तैयारियां हो रही है। यह योजना काफी हद तक पूरी कर ली गई है। आपको बतादें कि पांच एकड़ जमीन पर कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव तैयार हुआ है। अफसरों की टीम ने तय किया है कि आईआईटी के विशेषज्ञों से इसके लिए डीपीआर तैयार होगी। कॉरिडोर की भव्यता काशी विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल से बेहतर बनाई जाएगी। मंदिर के लिए जमीन ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर की निधि से खरीदी जाएगी। व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर का ट्रस्ट भी बनेगा।
बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर की तैयारियों को लेकर मंथन हुआ।मुख्यमंत्री के दौरे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर निर्माण के लिए बनाई गई योजना पर काम शुरू कर दिया है। इस योजना में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण, पर्यटन विभाग, मथुरा वृंदावन नगर निगम के साथ-साथ मंदिर प्रबंधन के बीच मंत्रणा चल रही है। ऐसे में कॉरिडोर निर्माण में आसपास के जितने भी दुकानदार हैं, उनसे जमीन लेने के लिए सहमति की बात शुरू कर दी गई है

