देहरादून : उत्तराखंड प्रदेश में आगामी चार नवंबर को लोकपर्व इगास का अवकाश घोषित हुआ है। प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद मंगलवार को शासन ने छुट्टी का आदेश दिया है। बीते दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़वाली बोली में ट्वीट किया था। ट्वीट में उन्होंने लिखा था कि ‘आवा! हम सब्बि मिलके इगास मनोला, नई पीढ़ी ते अपणी लोक संस्कृति से जुड़ोला। अब शासन ने इगास बग्वाल के दिन छुट्टी का आदेश जारी कर दिया है।
इसके अलावा सचिव प्रभारी विनोद कुमार सुमन की तरफ से आने वाली चार नवंबर को प्रदेश के सभी सरकारी, अशासकीय कार्यालयों, शैक्षिक संस्थानों, प्रतिष्ठानों के साथ ही बैंक व कोषागार भी बंद रहेंगे। प्रदेश में दिवाली के 11 दिन बाद लोकपर्व इगास बग्वाल को धूम धाम से मनाया जाता है। सरकार का मकसद है कि सभी लोग इस त्योहार को धूमधाम से मनाएं और नई पीढ़ी को भी इस त्योहार से जोड़ा जाए।
प्रदेश में इगास बग्वाल पर सार्वजनिक अवकाश का एलान

