लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़ में एक बदमाश गिरफ़्तार, माल बरामद

हरिद्वार पुलिस को देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी है जब बदमाशों से हुई मुठभेड़ के बाद एक बदमाश पुलिसकर्मियों की गिरफ़्त में आ गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने से वो घायल हो गया जिसे रुड़की के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी हरिद्वार देर रात मौके पर पहुंचे व पूरी घटना की जानकारी ली। एसएसपी ने बदमाश को पकड़ने में कामयाब हुई गंगनहर और मंगलौर कोतवाली पुलिस की पीठ भी थपथपाई।

रविवार को गंगनहर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत रेलवे रोड पर स्थित गणेश पुरम में अज्ञात बदमाशों ने हथियारों के बल पर एक महिला से सोने की चैन व कंगन लूट लिये थे।

इसके उपरांत बदमाशों ने राजधानी देहरादून में भी एक चैन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया था। वहाँ से लूट की घटना को अंजाम देकर उक्त बदमाश हरिद्वार की तरफ़ भागे थे। इसी बीच हरिद्वार पुलिस द्वारा पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। देर रात बदमाश मंगलौर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत नारसन बॉर्डर पर पहुंचे। वहां पुलिस की नाकेबंदी को देखकर बदमाश महमूदपुर नहर पटरी की ओर भागे तथा वहाँ से काशीपुर पाडली की दिशा में भागने लगे। उस तरफ़ से गंगनहर पुलिस की टीम भी मौक़े पर पहुंच गई। 

अपने को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिए। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा बदमाश रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। 

पुलिस ने गोली लगे बदमाश को अपनी गिरफ़्त में ले लिया व लूट का सारा सामान और एक तमंचा व कारतूस बरामद कर लिया। एसएसपी सेंथिल अबुदई ने गंगनहर व मंगलौर पुलिस को त्वरित कार्रवाई करते हुए बदमाश को पकड़ने व माल बरामद करने पर शाबाशी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *