गुजरात विधानसभा चुनावों की तारीखों का हुआ ऐलान,जानिए कब है मतदान?

नई दिल्ली : चुनाव आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस कर गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। गुजरात चुनाव 1 और 5 दिसंबर को दो चरणों में होंगे और 8 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव में धांधली को लेकर विपक्ष जो आरोप लगा रहा है वह गलत है। उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा में देरी इसलिए नहीं हुई है कि वहां अनियमितता की जाएंगी , बल्कि मोरबी दुर्घटना की वजह से चुनाव तिथि की घोषणा में देरी हुई है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने तमाम आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव का नतीजा ईवीएम और चुनाव आयोग की निष्पक्षता का प्रमाण है। राजीव कुमार ने कहा कि गुजरात चुनाव की घोषणा में कोई देरी नहीं हुई है क्योंकि विधानसभा का कार्यकाल फरवरी तक है और चुनाव एवं मतगणना 8 दिसंबर तक पूरी हो जाएगी। राजीव कुमार ने विपक्ष द्वारा लगाये गये आरोपों पर कहा कि कार्रवाई और परिणाम शब्दों से कहीं अधिक जोर से बोलते हैं. इसलिए अगर कोई राजनीतिक दल यह आरोप लगाता है कि चुनाव परिणाम सही नहीं हैं, तो यह लोकतंत्र और जनता का अपमान है।