देहरादून :केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी ख़बर है , अब केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर की बुकिंग आईआरसीटीसी के ऑनलाइन पोर्टल से भी की जा सकेगी । टिकटों की बुकिंग में पारदर्शिता और कालाबाजारी रोकने के लिए पहली बार ऑनलाइन टिकट बुकिंग का जिम्मा आईआरसीटीसी को दिया गया। रेलवे की तर्ज पर अब आईआरसीटीसी से केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग की जाएगी।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण और आईआरसीटीसी के बीच पहली बार टिकट बुकिंग के लिए एमओयू साइन हुआ है। केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर की ऑनलाइन बुकिंग बिना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के नहीं होगी, जो यात्री ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाएंगे, उन्हीं को हेलीकॉप्टर की ऑनलाइन बुकिंग मिल सकेगी। बिना यात्रा पंजीकरण के हेलीकॉप्टर की यात्रा करना मुश्किल होगा।
सचिवालय में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ सी. रविशंकर और आईआरसीटीसी के महानिदेशक (आईटी) सुनील कुमार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। आईआरसीटीसी के अधिकारियों नें टिकट बुकिंग के लिए तैयार किए गए सिस्टम का प्रस्तुतीकरण दिया गया। आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने अवगत कराया कि 31 मार्च तक ऑनलाइन बुकिंग के लिए तैयार किए गए प्लेटफार्म का ट्रायल पूरा कर लिया जाएगा।
केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ख़ुशख़बरी,यात्रा होगी सुगम

